– 8 नवंबर को होगा भव्य समागम, हजूरी रागी व कविश्री जत्थे करेंगे कीर्तन सेवा
हनुमानगढ़। सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव को लेकर श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। इसी उपलक्ष्य में शुक्रवार को जंक्शन के वार्ड 2, खुंजा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव दरबार से पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन से पूर्व गुरुद्वारा साहिब में इलाके की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास की गई। तत्पश्चात गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में नगर कीर्तन रवाना हुआ। संगत ने बड़े उत्साह और श्रद्धा से इसमें भाग लिया।
नगर कीर्तन गुरबाणी कीर्तन और ढाडी जत्थे के मधुर गायन के साथ गली-गली से होता हुआ निकला। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं और नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर संगत का स्वागत किया। जगह-जगह सेवा समितियों की ओर से जलपान और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। रागी ढाडी जत्थों ने गुरु इतिहास और श्री गुरु नानक देव जी के उपदेशों का संगीतमय वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। नगर कीर्तन का समापन शाम को गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव दरबार साहिब पहुंचकर अरदास के साथ हुआ। समापन के बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
गुरुद्वारा प्रबंध समिति के प्रधान गुरदेव सिंह, मीत प्रधान प्रीतम सिंह, स्टेज सेक्रेटरी बिकर सिंह सहित अनेक सेवादारों ने बताया कि प्रकाशोत्सव के तहत गुरुद्वारा साहिब में शुक्रवार को श्री अखण्ड पाठ का प्रकाश किया गया है। 8 नवंबर को श्री अखण्ड पाठ का भोग डाला जाएगा। इसके उपरांत दीवान सजेंगे और धार्मिक समागम का आयोजन होगा। इस समागम में हजूरी रागी, कविश्री जत्थे और प्रसिद्ध कीर्तनियां गुरुबाणी के अमृतमय शब्दों से संगत को निहाल करेंगे। कार्यक्रम में भारी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना है। गुरुद्वारा प्रबंध समिति ने सभी श्रद्धालुओं से समागम में उपस्थित होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































