गुणवत्ताहीन नहर निर्माण पर किसानों का विरोध, कार्य रुकवाने की मांग

97

– चेयरमैन के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे काश्तकार, जांच नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़।
 करणीसर सहजीपुरा क्षेत्र के किसानों ने जल संसाधन विभाग द्वारा कराए जा रहे नहर पक्कीकरण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। बीके-66 अध्यक्ष एवं एसएसडब्ल्यू चेयरमैन बूटा सिंह के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तत्काल प्रभाव से कार्य रुकवाने तथा निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।
जिला कलक्टर को दिए गए ज्ञापन में किसानों ने बताया कि वे 30 एसएसडब्ल्यू, 32 एसएसडब्ल्यू, 36 एसएसडब्ल्यू एवं 40 एसएसडब्ल्यू के काश्तकार हैं। इन क्षेत्रों में जल संसाधन विभाग एवं ठेकेदार द्वारा नहर को पक्का करने का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा। किसानों का आरोप है कि नहर का निर्माण गुणवत्ताहीन सामग्री से किया जा रहा है तथा नई नहर का लेवल पुरानी नहर से भी नीचे रखा जा रहा है, जिससे भविष्य में सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
चेयरमैन बूटा सिंह ने कहा कि नहर निर्माण के दौरान किनारों पर आवश्यक डिज़ाइन और सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। यदि नहर का स्तर नीचे रखा गया तो पानी के प्रवाह में बाधा उत्पन्न हो सकती है और दूर-दराज के खेतों तक सिंचाई जल पहुंचने में कठिनाई आएगी। इससे क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि मौके पर तकनीकी टीम भेजकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और लेवल की जांच करवाई जाए। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक ठेकेदार और विभाग को निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए जाएं। किसानों का कहना है कि विभाग उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है और लगातार अनदेखी की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।