श्री झूलेलाल मंदिर में चालीसा महोत्सव का भव्य आयोजन

80

परम पूज्य साई टेऊँ राम साहिब के पावन चालीसा पाठ का 40 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आरंभ
हनुमानगढ़ 
टाउन के सिंधी महोल्ला में स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में पूज्य सिंधी पंचायत एवं प्रेम प्रकाश महिला मंडल की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परम पूज्य साई टेऊँ राम साहिब के पावन चालीसा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा व उल्लास के साथ किया गया। यह धार्मिक आयोजन आज विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य सिंधी पंचायत के प्रधान खजान चंद शिवनानी के सान्निध्य में ज्योत प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुरलीधर हिरवानी, मनोहर लाल बाबानी, गोविंद राम टेकवानी,दीपक करमचंदानी तथा प्रेम प्रकाश महिला मंडल की प्रतिनिधि अनिता तेजवानी एवं वर्षा करमचंदानी ने भगवान साई टेऊँ राम साहिब के समक्ष दीप प्रज्वलित कर धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत आरंभ किया। इसके साथ ही प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ दरबार में आसन ग्रहण करवाया गया। इस पावन अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति बहनों एवं भाइयों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दिया। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बन गया। यह पावन पाठ निरंतर 40 दिनों तक समस्त सिंधी समाज की महिला पुरुषों के द्वारा किया जाएगा। इस अवधि में प्रतिदिन भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना एवं सत्संग का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होगी।
सिंधी पंचायत के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारे, सद्भावना एवं सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में सिंधी पंचायत एवं प्रेम प्रकाश महिला मंडल के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।