बालाजी मंदिर में शुरू हुआ 16वां विशाल गणेश महोत्सव

398

– 6 सितम्बर को शोभायात्रा व प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा समापन
हनुमानगढ़। जंक्शन रेलवे स्टेशन रोड स्थित बालाजी मंदिर प्रांगण में मंगलवार को स्वर्णकार समाज समिति, मराठा मंडल एवं जनसहयोग द्वारा आयोजित 16वें विशाल गणेश महोत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पंडित विजय कुमार शर्मा के सान्निध्य में आयोजित इस शुभ अवसर पर मुख्य यजमान समिति अध्यक्ष बबलू सोनी और उपाध्यक्ष मनीष जांगिड़ रहे। गणपति जी की आरती के दौरान “गणपति बप्पा मोरया” के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भारी संख्या उपस्थित रही।
अध्यक्ष बबलू सोनी ने बताया कि गणेश महोत्सव की यह 16वीं कड़ी है, जो समाज की एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन होगा। श्रद्धालु गणपति महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलकामनाओं की प्रार्थना करेंगे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव के तहत 5 सितम्बर को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही 6 सितम्बर को गणेश महोत्सव का समापन शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन होगा, वहीं ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालुजन नाचते-गाते बप्पा को विदा करेंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि यह महोत्सव केवल धार्मिक कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर भी है। विगत 15 वर्षों की तरह इस वर्ष भी स्थानीय समाजजनों और श्रद्धालुओं के सहयोग से महोत्सव को सफल बनाने की तैयारियां की गई हैं।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।