हनुमानगढ़ टाउन की लोहिया कॉलोनी, पंजाबी मोहल्ला, ओवरब्रिज के पास स्थित श्री नवयुवक क्लब लोहिया कॉलोनी द्वारा इस वर्ष 20वां श्री बालाजी का विशाल जागरण आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत आज भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में श्री गौशाला समिति के अध्यक्ष मनोहर लाल बंसल सपत्नी और मिथिला सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक गौतम ने भूमि पूजन कर ध्वजारोहण किया। भूमि पूजन पंडित टिंकू पांडे द्वारा विधि-विधान से व मंत्रोच्चारण के साथ करवाई। इस अवसर पर श्री नवयुग क्लब के अध्यक्ष संदीप महंतो ने बताया कि क्लब द्वारा प्रतिवर्ष बालाजी का विशाल जागरण आयोजित किया जाता है। इस वर्ष का जागरण 20 सितंबर 2025 की रात 8:00 बजे से आरंभ होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 16 सितंबर 2025 को होगी, जब सालासर से ज्योति लाई जाएगी। ज्योति का स्वागत उसी दिन रात 8:00 बजे किया जाएगा। इसके बाद 17 सितंबर 2025 को श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्री रघुनाथ मंदिर सत्संग समिति द्वारा किया जाएगा। मुख्य जागरण 20 सितंबर को होगा, जिसमें बाहर से आमंत्रित कलाकार बालाजी के भजन और गुणगान प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान आकर्षक झांकियां भी दर्शकों को देखने को मिलेंगी। जागरण के पश्चात अगले दिन सुबह सवामणि का भोग लगाया जाएगा और आरती संपन्न होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना है बल्कि समाज में एकता, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना भी है। भूमि पूजन के मौके पर क्लब के संरक्षक विकास कश्यप कालिया, अध्यक्ष संदीप महंतो, उपाध्यक्ष लोचन कुमार शर्मा, सचिव लकी शर्मा, कोषाध्यक्ष साहिल कुमार, सदस्य लकी नेहरा, आत्माराम, आलोक, तरसेम जाटोलिया, विनोद कुमार, काशीराम, बिल्लू सेन सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































