फाटक गौशाला में नौवां साप्ताहिक श्री सुंदरकांड पाठ आयोजित

18
गोसेवा के लिए समर्पित रही श्रद्धालुओं की आस्था, महाआरती व प्रसाद में उमड़ी भीड़
हनुमानगढ़ टाउन की बरकत कॉलोनी, किले के पास स्थित फाटक गौशाला में श्री गौ सेवा संस्थान के तत्वावधान में गत रात्रि नौवें साप्ताहिक श्री सुंदरकांड पाठ का श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी, गोभक्त एवं श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे और भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी का स्मरण करते हुए सुंदरकांड पाठ का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर श्री सुंदरकांड पाठ के मुख्य यजमान मुरलीधर अग्रवाल, श्रीमती सरला देवी गर्ग, अंकुश गर्ग, रुचि गर्ग, मोहित गर्ग एवं कोमल गर्ग रहे। श्री सुंदरकांड पाठ का वाचन श्री सांवलिया सेठ मंदिर सुंदरकांड मित्र मंडल के सदस्यों द्वारा मधुर एवं भावपूर्ण स्वर में किया गया। भजनों और चौपाइयों से पूरा गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा, जिससे उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। श्री गौ सेवा संस्थान के अध्यक्ष मुरलीधर गर्ग ने बताया कि फाटक गौशाला में प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाले श्री सुंदरकांड पाठ का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना ही नहीं, बल्कि गोसेवा को भी मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा दी जाने वाली समस्त धनराशि असहाय, बीमार एवं सड़क दुर्घटनाओं में घायल गोवंश के उपचार, दवा एवं देखभाल पर खर्च की जाती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस पुण्य कार्य में निरंतर सहयोग देने की अपील भी की। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक महाआरती की गई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। इसके पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और गौभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने श्री गौ सेवा संस्थान द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प व्यक्त किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।