गेहूं भुगतान, अटल भूजल योजना के अनुदान और सरकारी खरीद को लेकर किसानों में आक्रोश

32

– भाकियू ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 30 जुलाई को किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी के विरोध की चेतावनी
हनुमानगढ़।
 गेहूं के लंबित भुगतान, अटल-भूजल योजना के तहत बनी डिग्गियों की अनुदान राशि, तारबंदी, कृषि यंत्रों व मिनीकिट के अटके भुगतान तथा गेहूं खरीद में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका के नेतृत्व में किसानों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 30 जुलाई को किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी के हनुमानगढ़ आगमन पर विरोध दर्ज करवाया जाएगा।
किसानों ने ज्ञापन में कहा कि सरकार किसान हितैषी होने के दावे करती है, लेकिन धरातल पर किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब दो वर्ष पहले अटल-भूजल योजना के तहत बनाई गई डिग्गियों की अनुदान राशि अभी तक कई किसानों के खातों में जमा नहीं हुई है। इसी प्रकार तारबंदी, कृषि यंत्रों और मिनीकिट से संबंधित भुगतान भी लंबित पड़े हैं। किसानों का आरोप है कि वे लगातार प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखते आ रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है।
भाकियू जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका ने कहा कि गेहूं की खरीद के बाद भुगतान में देरी ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है। किसानों को अपनी फसल बेचने के बाद समय पर भुगतान नहीं मिल रहा, जबकि आगामी फसलों की तैयारी के लिए उन्हें धन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना किसानों के साथ वादा खिलाफी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।