गुरुजनों के सम्मान और मेधावी विद्यार्थियों के अभिनंदन का महाअभियान

24

– भारत विकास परिषद् नगर इकाई ने चार विद्यालयों में आयोजित किए ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
हनुमानगढ़। भारत विकास परिषद् नगर इकाई, हनुमानगढ़ द्वारा बुधवार को ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ प्रकल्प के अंतर्गत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर गुरुजनों का सम्मान एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केजी पब्लिक सेकेंडरी स्कूल, हनुमानगढ़ टाउन से हुआ। इसके बाद व्यापार मंडल पब्लिक स्कूल, लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल तथा हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल में भी सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद् के प्रांतीय गुरु वंदन छात्र अभिनंदन प्रकल्प प्रभारी भारतेंदु सैनी, प्रांतीय उपाध्यक्ष ओम बिजारणियां, जिला समन्वयक कपिल कालड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र स्वामी, शाखा अध्यक्ष अनिल कौशिक, सचिव अशोक सुथार, वित्त सचिव गौरव उपनेजा, प्रकल्प प्रभारी पवन सरावगी, वरिष्ठ सदस्य श्याम सुंदर मेहन तथा सदस्य विकास गोयल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने गुरुजनों का अभिनंदन कर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
केजी पब्लिक सेकेंडरी स्कूल में प्रबंध निदेशक श्रीमती डिंपल सुथार एवं संस्था प्रधान अशोक सुथार की उपस्थिति में शिक्षक हरविंदर सिंह एवं मोनिका का सम्मान किया गया। वहीं मेधावी विद्यार्थियों जानवी कौर, कनन स्वामी, केवलीन कौर तथा तनुज वर्मा को सम्मानित किया गया।
व्यापार मंडल पब्लिक स्कूल में प्राचार्य डॉ. किरण राठौड़ तथा अध्यापिकाओं चरणजीत शर्मा एवं रिचा के साथ उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं निशु, आराध्या, नैतिक एवं शिफा का अभिनंदन किया गया। इसी प्रकार लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल में दो शिक्षकों एवं चार विद्यार्थियों तथा हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल में प्राचार्य डॉ. रेखा तनेजा, डॉ. पायल गुम्बर सहित शिक्षिकाओं ईशा एवं सपना तथा चार मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी भारतेंदु सैनी ने बताया कि भारत विकास परिषद् द्वारा एक साथ पूरे राजस्थान में 300 से अधिक सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस महाअभियान में परिषद् की 264 शाखाओं के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा एक लाख से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता रहने का अनुमान है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।