राजस्थान ओपन कराटे प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

23

– एक स्वर्ण व पांच रजत पदक जीतकर जिले का बढ़ाया मान, खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत
हनुमानगढ़। श्रीगंगानगर स्थित डीएवी स्कूल में आयोजित राजस्थान ओपन कराटे प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और पांच रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनके बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए विभिन्न भार वर्गों में पदक हासिल किए।
कोच संदीप गुप्ता ने बताया कि चौधरी मनीराम आदर्श स्कूल, हनुमानगढ़ टाउन के खिलाड़ी चिंकू वर्मा ने 20 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं जतिन गुप्ता ने 45 किलोग्राम भार वर्ग, लक्ष्मी गुप्ता ने 45 किलोग्राम भार वर्ग, कीर्ति ने 35 किलोग्राम भार वर्ग, हसनजोत ने 25 किलोग्राम भार वर्ग तथा सचिन शेखावत ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। कोच संदीप गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास और अनुशासन के बल पर खिलाड़ियों ने यह सफलता हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर हनुमानगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता से लौटने पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का हनुमानगढ़ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। खेल प्रेमियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और कराटे खेल के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।