– महिला एवं बाल जागृति मंच की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप, महिलाओं से एंट्री पास लेने की अपील
हनुमानगढ़। हरियाली तीज के पावन पर्व को पारंपरिक उत्साह एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल जागृति मंच सेवा समिति की ओर से भव्य हरियाली तीज महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर व्यापार मंडल धर्मशाला परिसर में समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
समिति की अध्यक्ष एवं संस्थापक श्रीमती सुनीता अग्रवाल ने बताया कि हरियाली तीज के अवसर पर हनुमानगढ़ के प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम शिव ज्वेलर्स के सहयोग से यह भव्य आयोजन ग्रैंड इन रॉयल पैलेस में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक सांस्कृतिक मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, पारंपरिक त्योहारों और पारिवारिक संस्कारों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में तीज की पारंपरिक झलक देखने को मिलेगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोकगीत, नृत्य, तीज उत्सव से जुड़े विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम तथा महिलाओं के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को यादगार बनाने के लिए आकर्षक सजावट और पारंपरिक माहौल तैयार किया जाएगा, जिससे महिलाओं को राजस्थान की लोक संस्कृति का अनुभव हो सके।
समिति ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए एंट्री पास उपलब्ध हैं। हनुमानगढ़ क्षेत्र की सभी महिलाएं समिति के किसी भी सदस्य से अपना एंट्री पास प्राप्त कर सकती हैं। आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 75973 90690 एवं 96537 00155 पर संपर्क किया जा सकता है। समिति ने अधिक से अधिक महिलाओं से कार्यक्रम में भाग लेकर हरियाली तीज के इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































