भट्टा कॉलोनी की गलियों में गूंजा ‘वाहेगुरू’ का जाप, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
हनुमानगढ़। गुरूद्वारा श्री गुरू गोबिंद सिंह जी, भट्टा कॉलोनी में सिखों के दसवें गुरू श्री गुरू गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को भव्य एवं विशाल नगरकीर्तन का आयोजन किया गया। नगरकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरू साहिब के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।नगरकीर्तन की शुरुआत गुरूद्वारा साहिब परिसर में विधिवत अरदास के साथ की गई। इस अवसर पर पूर्व उपसभापति नगीना बाई, गुरूद्वारा प्रधान जीत सिंह, हरबंस सिंह सरा, रणजीत सिंह बराड़ एवं सेवक सिंह सिधू ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए अरदास की। इसके पश्चात नगरकीर्तन गुरूद्वारा साहिब से रवाना हुआ।नगरकीर्तन के दौरान श्रद्धालु ‘वाहेगुरू’ नाम का जाप करते हुए भक्ति भाव से आगे बढ़ते रहे। नगरकीर्तन भट्टा कॉलोनी की प्रमुख गलियों से होकर गुजरा, जहां रास्ते भर श्रद्धालुओं ने नगरकीर्तन का भावपूर्ण स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर संगत का अभिनंदन किया तथा ठंडे पेयजल एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।नगरकीर्तन में पंज प्यारे अपने पारंपरिक स्वरूप में आकर्षण का केंद्र रहे। साथ ही गुरू साहिब के शबद-कीर्तन और धार्मिक जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अनुशासन के साथ नगरकीर्तन को सफल बनाया।शाम के समय नगरकीर्तन पुनः गुरूद्वारा श्री गुरू गोबिंद सिंह जी में पहुंचकर विधिवत रूप से संपन्न हुआ। समापन अवसर पर गुरू का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, सेवाभावी संगठनों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।नगरकीर्तन के माध्यम से गुरू गोबिंद सिंह जी के त्याग, शौर्य और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। आयोजन ने आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































