गौ माता’ को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर हनुमानगढ़ में जोरदार प्रदर्शन

109

-गौभक्तों का कलेक्ट्रेट पर हुजूम, प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, केंद्रीय कानून व ‘गो सेवा मंत्रालय’ बनाने की मांग
हनुमानगढ़। ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के बैनर तले सोमवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में गौभक्तों, संत समाज एवं नागरिकों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा और देशभर में गौवंश संरक्षण के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान गौभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पहुंचे लोगों ने गौ माता के संरक्षण और सम्मान के समर्थन में नारेबाजी की। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सभ्यता और परंपरा का अभिन्न अंग रही हैं। प्राचीन काल से ही उन्हें मातृत्व, सेवा, समृद्धि और करुणा का प्रतीक माना जाता है। वेदों और पुराणों में भी गौ माता की महिमा का विस्तृत वर्णन मिलता है, जो इसकी सामाजिक और आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाता है।
पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि गौवंश केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय कृषि व्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का भी मजबूत आधार है। दूध, घी, दही, गोबर और गोमूत्र जैसे उत्पादों का उपयोग खेती, औषधि निर्माण और जैविक कृषि में बड़े स्तर पर किया जाता है, जिससे लाखों किसानों की आजीविका जुड़ी हुई है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने, गौवंश संरक्षण के लिए कठोर और प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने तथा देशभर में गौशालाओं के विकास के लिए विशेष योजनाएं लागू करने की मांग की गई। इसके साथ ही ‘गो सेवा मंत्रालय’ के गठन की भी मांग उठाई गई, ताकि गौ संरक्षण से जुड़े कार्यों का समन्वित और प्रभावी संचालन हो सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।