लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाल प्रदर्शन किया

17

हनुमानगढ़। हाथों में भाजपा के झंडे, जुबां पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम् के उद्घोष तथा कांग्रेस के खिलाफ गूंजते नारों के बीच शुक्रवार को हनुमानगढ़ टाउन की सड़कें राजनीतिक रंग में रंगी नजर आईं। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेंट्रल पार्क से सुभाष चौक तक पदयात्रा निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शेखावत और जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुभाष चौक पहुंचने पर पदयात्रा नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गई, जहां वक्ताओं ने कांग्रेस और समूचे विपक्ष को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति गैर-जिम्मेदार बताते हुए निशाना साधा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता ने चुनावों में बार-बार नकारा है। जनसमर्थन खोने के बाद अब कांग्रेस वोट चोरी का मुद्दा उछालकर सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अनावश्यक भ्रम पैदा किया जा रहा है। शेखावत के मुताबिक लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है, लेकिन कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलता स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता की इच्छा व्यक्त करने का सबसे बड़ा माध्यम हैं। जब जनता किसी राजनीतिक दल को स्वीकार नहीं करती तो उसे जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह एसआईआर के मुद्दे को लेकर आमजन में भ्रम और आशंकाएं पैदा कर रही है। डेलू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के साथ जनता के बीच जाकर दें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।