आयुष्मान आरोग्य मंदिर टीम का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

16

आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण
हनुमानगढ़।
राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम) टीम के लिए दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर हनुमानगढ़ टाउन स्थित माहेश्वरी धर्मशाला में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना और आयुष विधाओं के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
शिविर का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवनीत शर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं उप निदेशक आयुर्वेद विभाग तीर्थ कुमार शर्मा तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक डॉ. महावीर भाटिवाल, डॉ. देवेंद्र भाम्भू, डॉ. रूपिंदर कौर तथा डॉ. दीप्ती सिंगल विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप निदेशक तीर्थ कुमार शर्मा ने शिविर की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जमीनी स्तर पर सेवाएं दे रहीं आशा सहयोगिनी, एएनएम, नर्सिंग स्टाफ, कंपाउंडर एवं आयुष मित्र (महिला) सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। यह प्रशिक्षण शिविर दो चरणों में संपन्न होगा, जिसमें स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की कार्यकुशलता और तकनीकी ज्ञान को निखारने पर जोर दिया जा रहा है। आवासीय व्यवस्था के तहत प्रतिभागियों के आवास, भोजन और अन्य दैनिक आवश्यकताओं की समुचित व्यवस्था आयुर्वेद विभाग द्वारा धर्मशाला परिसर में ही की गई है, ताकि प्रतिभागी तनावमुक्त होकर पूर्ण मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। मुख्य अतिथि डॉ. नवनीत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एलोपैथी और आयुष पद्धतियों का समन्वय ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को अधिक मजबूत करेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।