फर्जी वारिसनामा बनाने हेतु आवेदन में संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा

236

-डॉक्टर ने इंद्रा खुंगर व विकास नागपाल पर लगाया धोखाधड़ी, कूटरचना और साजिश का आरोप – पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
हनुमानगढ़। शहर के चर्चित चिकित्सक डॉ. मंगतराय खुंगर ने अपनी बहन, बहनोई और अन्य पर पिता की संपत्ति को हड़पने के लिए फर्जी वारिसनामा तैयार करने और मिथ्या दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस प्रकरण में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर हनुमानगढ़ टाउन थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगतराय खुंगर पुत्र स्व. चरणजीत खुंगर निवासी वार्ड नं. 48, राजवी एन्क्लेव, हनुमानगढ़ जंक्शन ने पुलिस अधीक्षक को दिए अपने परिवाद में बताया कि वे पेशे से चिकित्सक हैं और उनके पिता स्व. चरणजीत खुंगर भी प्रसिद्ध डॉक्टर थे जिनका देहांत 7 जनवरी 2020 को हुआ। स्व. चरणजीत खुंगर ने अपने जीवनकाल में दो विवाह किए थे। पहला विवाह वर्ष 1975 में प्रकाश देवी निवासी तामकोट (जिला मुक्तसर, पंजाब) से हुआ था, जिनसे चार संतानें – सुनीता, सुषमा, इन्द्रा और मंगतराय पैदा हुईं। प्रकाश देवी का निधन 24 जुलाई 1992 को हो गया। इसके बाद वर्ष 1994 में स्व. चरणजीत खुंगर ने दूसरी शादी हनुमानगढ़ निवासी आशा रानी से की, जिनसे कोई संतान नहीं हुई।
डॉ. मंगतराय ने आरोप लगाया कि उनके पिता के निधन के इन्द्रा खुंगर और विकास नागपाल ने परिवार के अन्य लोगों – राजेन्द्र कुमार, रेशमा देवी और मनीष अरोड़ा के सहयोग से आपराधिक षड्यंत्र रचा। उनका कहना है कि इन सभी ने मिलकर मृतक चरणजीत खुंगर की चल-अचल संपत्ति को हड़पने की नीयत से वारिसनामा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी, जिसमें स्व. प्रकाश देवी (पहली पत्नी) का नाम जानबूझकर छिपा दिया गया ताकि वारिसों की संख्या पाँच दिखाई जा सके।
परिवाद में बताया गया कि इन्द्रा खुंगर और विकास नागपाल ने 21 जुलाई 2025 को तहसीलदार हनुमानगढ़ के कार्यालय में एक प्रार्थना पत्र और शपथ पत्र प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने मृतक के केवल पाँच वारिस आशा रानी, सुनीता, सुषमा, इन्द्रा और मंगतराय का उल्लेख किया। जबकि उन्हें भलीभांति जानकारी थी कि मृतक की प्रथम पत्नी प्रकाश देवी भी वैध वारिसों में शामिल थीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।