– पकासहारना शक्ति केंद्र की बैठक में पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के पका सहारना शक्ति केंद्र पर संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी की विचारधारा को प्रत्येक घर तक पहुंचाने, संगठन को मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए बूथ सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही पार्टी की सफलता की आधारशिला हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री एवं जंक्शन देहात मंडल प्रभारी एडवोकेट कुलवंत चहल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवा भाव से निरंतर मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और आमजन के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करना होगा, जिससे संगठन और अधिक सशक्त हो सके।
जिला सतर्कता एवं खाद्य सुरक्षा समिति सदस्य तथा शक्ति केंद्र प्रभारी संदीप गोदारा ने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित रूप से बूथों पर बैठकें आयोजित करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करें।
बैठक में सरपंच प्रतिनिधि त्रिलोक सहारण ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा सेवा कार्यों के माध्यम से जनता का विश्वास मजबूत करने पर बल दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































