– विधायक गणेशराज बंसल, सभापति सुमित रणवा व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
हनुमानगढ़। श्री छठ पूजा समिति सुरेशिया द्वारा आयोजित छठ पूजा महोत्सव सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में प्रारंभ हुआ। सुरेशिया छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालु परिवारों का तांता लगा रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं हाथों में सुपली, फल व दीप लिए छठी मैया की आराधना में लीन नजर आईं। घाट पर गूंजते छठ गीतों और भक्तिमय माहौल ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
महोत्सव का शुभारंभ विधायक गणेशराज बंसल, सभापति सुमित रणवा, पार्षद राजेंद्र चौधरी एवं समाजसेवी विकास शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। अतिथियों का समिति पदाधिकारियों ने माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि छठ महोत्सव लोक आस्था का अद्वितीय पर्व है, जो सूर्य देवता की उपासना और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। यह पर्व समाज में एकता, अनुशासन और पवित्रता की भावना को मजबूत करता है।
सभापति सुमित रणवा ने कहा कि छठ पर्व हमारे देश की सांस्कृतिक धरोहर है, जो जन-जन को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में पूर्वांचलवासी समाज की परंपरा और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। पार्षद राजेंद्र चौधरी और समाजसेवी विकास शर्मा ने आयोजन समिति को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता और सद्भावना को बढ़ावा देते हैं।
श्री छठ पूजा समिति सुरेशिया के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां कई दिनों से की जा रही थीं। छठ घाट को रंग-बिरंगी झालरों, दीपों और पुष्प सज्जा से भव्य रूप दिया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और यातायात के समुचित प्रबंध किए गए।
आयोजन को सफल बनाने में श्रवण कुमार, रंजीत, सुशील दास, रमन, राजू पासवान और रोहित का विशेष सहयोग रहा। समिति सदस्यों ने बताया कि मंगलवार शाम को सांझी अर्घ्य और बुधवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महोत्सव का समापन होगा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु सूर्य देवता की आराधना में लीन रहे। महिलाएं घाट पर गीत गाती हुईं और पुरुष सहयोग में लगे दिखाई दिए। सुरेशिया छठ घाट का वातावरण भक्ति, एकता और उल्लास से सराबोर रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































