हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों का क्वानकीडो में दमदार प्रदर्शन

226

-7वीं राजस्थान स्टेट क्वानकीडो चैम्पियनशिप में 43 पदक जीतकर हनुमानगढ़ टीम ने रचा इतिहास, विधायक गणेशराज बंसल ने किया सम्मानित
हनुमानगढ़।
 खेल प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन करते हुए हनुमानगढ़ की क्वानकीडो टीम ने 7वीं राजस्थान स्टेट क्वानकीडो चैम्पियनशिप 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 19 स्वर्ण, 14 रजत और 10 कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता गंगानगर में आयोजित हुई, जिसमें राज्यभर से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। हनुमानगढ़ टीम के शानदार प्रदर्शन पर पूरे जिले में खुशी की लहर है।
प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों और आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने फाइट और तकनीकी दोनों श्रेणियों में अपनी श्रेष्ठता साबित की। हनुमानगढ़ की टीम का नेतृत्व जिला क्वानकीडो अध्यक्ष जसकरण सिंह, जिला सचिव व कोच संदीप बरोड़ और टीम मैनेजर नवीन कुमार रोयल व अनुज बडगुजर ने किया।
सोमवार को हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल के आवास पर विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। विधायक बंसल ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि जिले के युवाओं ने खेलों के क्षेत्र में जो उपलब्धि हासिल की है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सफलताएं न केवल व्यक्तिगत गौरव बढ़ाती हैं, बल्कि पूरे जिले का नाम भी ऊँचा करती हैं।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, और हनुमानगढ़ जैसे सीमांत जिलों से निकलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब अपनी प्रतिभा दिखाने का अधिक अवसर मिल रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ें, क्योंकि खेल जीवन में आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना का विकास करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।