अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ सीटू का जोरदार प्रदर्शन

194

-लाल चौक पर ट्रंप का पुतला फूंका, वेनेजुएला पर हमले का कड़ा विरोध
हनुमानगढ़। अमेरिकी साम्राज्यवाद द्वारा स्वतंत्र राष्ट्र वेनेजुएला पर किए गए हमले एवं वहां के राष्ट्रपति की गिरफ्तारी के विरोध में आज 4 जनवरी 2026 को सीटू (CITU) के आह्वान पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। शहर के लाल चौक पर बड़ी संख्या में मजदूर संगठनों, यूनियनों एवं प्रगतिशील संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर अमेरिका की साम्राज्यवादी नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद”, “वेनेजुएला के राष्ट्रपति को तुरंत रिहा करो”, “अमेरिका दुनिया में गुंडागर्दी बंद करो”, “स्वतंत्र देशों को गुलाम बनाना बंद करो” और “डोनाल्ड ट्रंप मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। लाल चौक पर नारेबाजी से वातावरण गूंज उठा और प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कामरेड रामेश्वर वर्मा ने कहा कि अमेरिका लंबे समय से कमजोर और संसाधन संपन्न देशों पर दबाव बनाकर वहां अपनी कठपुतली सरकारें बैठाने का प्रयास करता रहा है। वेनेजुएला के खिलाफ की गई यह कार्रवाई उसी साम्राज्यवादी सोच का परिणाम है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के मजदूर, किसान और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोग इस अन्याय के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं।
कामरेड शेर सिंह शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि एक स्वतंत्र देश के राष्ट्रपति को गिरफ्तार करना और सैन्य हस्तक्षेप करना अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन है। अमेरिका की यह नीति वैश्विक शांति के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने मांग की कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति को तत्काल रिहा किया जाए और उस देश पर सभी प्रकार के हमले बंद किए जाएं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।