– आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी के योगदान को किया याद
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी एवं जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गुरदीप चहल के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की युवा शक्ति को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने सूचना एवं प्रौद्योगिकी, संचार, शिक्षा तथा पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का सपना था कि भारत आधुनिक तकनीक से जुड़कर विश्व के अग्रणी देशों की श्रेणी में शामिल हो तथा देश का युवा आत्मनिर्भर एवं सशक्त बने।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके कार्यकाल में देश में तकनीकी और संचार क्रांति को नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के विचार आज भी युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए देश की लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































