बारिश के मौसम में डेंगू के बढ़ते खतरे के बीच भारत को बड़ी राहत मिली है। देश में पहली बार डेंगू (dengue vaccine) से बचाव के लिए वैक्सीन QDENGA को मंजूरी मिल गई है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने टेकेडा बायोफार्मास्युटिकल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की इस वैक्सीन के इस्तेमाल को हरी झंडी दे दी है। इसे भारत में डेंगू की रोकथाम की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
4 से 60 साल तक के लोगों को लग सकेगी वैक्सीन
QDENGA वैक्सीन 4 से 60 वर्ष की उम्र के लोगों को दी जा सकती है। इसकी खास बात यह है कि इसे लगवाने के लिए यह जरूरी नहीं है कि व्यक्ति पहले डेंगू से संक्रमित हुआ हो। साथ ही, वैक्सीन लगाने से पहले किसी तरह की स्क्रीनिंग या ब्लड टेस्ट की भी जरूरत नहीं होगी। इससे डेंगू प्रभावित इलाकों में बड़े स्तर पर टीकाकरण आसान हो सकेगा। यह वैक्सीन डेंगू वायरस के चारों प्रकारों से सुरक्षा देने में सक्षम है।

दुनिया के 43 देशों में मिल चुकी है मंजूरी
QDENGA को पहली बार 2022 में लॉन्च किया गया था। अब तक इसे 43 देशों में मंजूरी मिल चुकी है और दुनिया भर में इसकी 3.2 करोड़ (32 मिलियन) से अधिक डोज वितरित की जा चुकी हैं। भारत में पिछले दो दशकों में डेंगू के मामलों में करीब 11 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। वैश्विक स्तर पर सामने आने वाले कुल डेंगू मामलों में लगभग एक-तिहाई मामले भारत से आते हैं। हर साल हजारों लोग इस बीमारी की चपेट में आते हैं और बड़ी संख्या में मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ता है।
ये भी पढ़ें गर्मीयों में बढ़ा डेंगू बुखार, जानें क्या खाकर तुरंत ठीक हो जाएंगे आप?
डेंगू के प्रमुख लक्षण
- तेज बुखार
- सिरदर्द
- मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द
- त्वचा पर लाल चकत्ते
- मतली और उल्टी
- गंभीर स्थिति में प्लेटलेट्स तेजी से कम होना
- नाक या मसूड़ों से खून आना
डेंगू से बचाव के आसान उपाय
- मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
- घर और आसपास पानी जमा न होने दें।
- कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें।
- पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें।
- घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
- मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशकों या रिपेलेंट का उपयोग करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































