– सारस्वत भवन से कलेक्ट्रेट तक निकाला रोष मार्च, भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित नारी न्याय एवं कार्यकर्ता सम्मेलन तथा जिला महिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को जंक्शन स्थित सरस्वत भवन में उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने इसे एक प्रभावशाली राजनीतिक आयोजन बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह थीं। उनके साथ प्रदेश सचिव कृतिका चौधरी, विधायक अभिमन्यु पूनिया, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व मंत्री पवन गोदारा, पीसीसी सदस्य शबनम चौधरी, सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक तथा ओबीसी जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व यूथ जिलाध्यक्ष कृष्ण नेहरा, ब्लॉक अध्यक्ष नोहर चंद्रकला नायक, हनुमानगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष अल्का सहु, जिला कांग्रेस कमिटी भादरा ब्लॉक अध्यक्ष राजेश्वरी गोस्वामी, रावतसर ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल मटोरिया मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुलोचना बावरी ने की।
सम्मेलन के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने जिला अध्यक्ष सुलोचना बावरी और उनकी नवगठित कार्यकारिणी को पद की गरिमा, जिम्मेदारी और गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही सभी पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दिलाया गया। शपथ ग्रहण के इस मौके पर उपस्थित महिलाओं ने जोरदार तालियों के साथ नई टीम का स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा जताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सारिका सिंह ने कहा कि हनुमानगढ़ में आयोजित नारी न्याय सम्मेलन ऐतिहासिक रहा है और इसका श्रेय जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी की मेहनत और संगठन क्षमता को जाता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बड़ी संख्या में महिलाएं इस सम्मेलन में शामिल हुई हैं, वह इस बात का संकेत है कि प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और हर दिन इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































