जिला अस्पताल में न्यूरो सर्जन व रावतसर में आर्थो डॉक्टर की मांग

81

– मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, मरीजों की परेशानियों का किया उल्लेख
हनुमानगढ़। 
जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी प्रवीण जैन ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भेजा है, जिसमें जिला राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाऊन में दो न्यूरो सर्जन तथा राजकीय चिकित्सालय रावतसर में एक आर्थो विशेषज्ञ (हड्डी रोग विशेषज्ञ) की शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई है। यह ज्ञापन जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया गया कि जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाऊन में वर्तमान में एक भी न्यूरो सर्जन उपलब्ध नहीं है। इसके चलते गंभीर न्यूरो संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए बीकानेर, जयपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है, साथ ही समय पर उपचार नहीं मिलने से स्वास्थ्य जोखिम भी बढ़ जाता है।
इसी प्रकार रावतसर के राजकीय चिकित्सालय में आर्थो डॉक्टर की कमी लंबे समय से बनी हुई है। क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं, गिरने तथा अन्य कारणों से हड्डी संबंधी चोटों के मामले लगातार सामने आते रहते हैं, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में मरीजों को हनुमानगढ़ या अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। इससे ग्रामीण व दूरदराज के लोगों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रवीण जैन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है, ऐसे में हनुमानगढ़ जिले की इन महत्वपूर्ण आवश्यकताओं पर भी प्राथमिकता से ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जिला अस्पताल में न्यूरो सर्जन और रावतसर में आर्थो विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाती है तो हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।