फाटक गौशाला में महाआरती, कन्याओं का पूजन व भंडारे में बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु
हनुमानगढ़। टाउन के भटनेर दुर्ग के पास स्थित फाटक गौशाला में सेठ सांवलिया मन्दिर में आयोजित गुप्त नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को अष्टमी एवं नवमी तिथि पर माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और कन्या पूजन का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विश्व कल्याण की मंगलकामना की। प्रातःकाल से ही गौशाला परिसर के मन्दिर में मॉ दुर्गा के मन्दिर में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की, पुष्प अर्पित किए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष अनुष्ठानों में भाग लिया। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूरे परिसर में भक्ति गीतों, दुर्गा स्तुति और मंत्रोच्चार की मधुर ध्वनि गूंजती रही, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया। गुप्त नवरात्रि की अष्टमी-नवमी के अवसर पर कन्या पूजन का विशेष महत्व होने के कारण छोटी बालिकाओं को माता का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण धोकर तिलक लगाया, चुनरी ओढ़ाई और उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया। इसके बाद कन्याओं से आशीर्वाद प्राप्त कर अपने परिवार और समाज की सुख-शांति की कामना की। आयोजन में उपस्थित लोगों ने देश, प्रदेश, समाज तथा असहाय गोवंश के उत्तम स्वास्थ्य, संरक्षण और समृद्धि के लिए भी विशेष प्रार्थना की। फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर गर्ग ने बताया कि गुप्त नवरात्रि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। इन आयोजनों का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और गौसेवा के प्रति लोगों में आस्था एवं जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग और उत्साह से सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। धार्मिक आयोजन के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने माता रानी से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए गौशाला परिवार को इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































