डेढ़ लाख रुपये की लागत से पार्क की हरियाली को मिलेगा नया जीवनदान

33

हनुमानगढ़ । वार्ड नंबर 37, सेक्टर नंबर 3 स्थित महर्षि दयानंद पार्क में गुरुवार को नगर परिषद की ओर से लगाए जा रहे समर्सिबल पंप का शुभारंभ पूर्व पार्षद मनोज बंसल एवं एडवोकेट अमित महेश्वरी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे और पार्क के विकास कार्य की सराहना की। इस मौके पर पूर्व पार्षद मनोज बंसल ने कहा कि महर्षि दयानंद पार्क वार्डवासियों के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थल है। लंबे समय से पानी की कमी के कारण पार्क में लगे पौधे सूखने लगे थे और हरियाली प्रभावित हो रही थी। नगर परिषद द्वारा समर्सिबल पंप लगाए जाने से अब नियमित रूप से सिंचाई हो सकेगी, जिससे सूखे पड़े पौधों को नया जीवन मिलेगा और पार्क फिर से हरा-भरा नजर आएगा। उन्होंने बताया कि इस समर्सिबल पंप की स्थापना पर लगभग डेढ़ लाख रुपये की लागत आएगी। यह कार्य वार्ड के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि पार्क की हरियाली बनाए रखना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए भी लाभदायक रहेगा। साथ ही उन्होंने वार्डवासियों से पार्क की स्वच्छता और पौधों की सुरक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।