जिला कांग्रेस कमेटी ने मनाई राजीव गांधी की पुण्यतिथि

26

-कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को किया याद
हनुमानगढ़। 
जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके देश के प्रति योगदान को याद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता जिला महासचिव गुरदीप चहल ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के शिल्पकार थे। उन्होंने देश को सूचना एवं तकनीक के क्षेत्र में नई दिशा देने का कार्य किया। राजीव गांधी ने युवाओं को आगे बढ़ाने, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा था। आज देश में जो तकनीकी क्रांति दिखाई दे रही है, उसकी नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा।
कांग्रेस नेता सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी ने हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के हितों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि देश के विकास में राजीव गांधी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। जयराम ढुकिया ने कहा कि आज जरूरत है कि कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव गांधी के विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा समाज में भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करें।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी अमर रहें के नारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने देश को आधुनिक सोच और नई तकनीकों से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।