पेयजल, गर्मी और अव्यवस्थाओं को लेकर तालाबंदी, प्रबंधन के खिलाफ धरने पर बैठे विद्यार्थी

24

हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित करुणा नर्सिंग कॉलेज में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब कॉलेज की विभिन्न अव्यवस्थाओं से नाराज विद्यार्थियों ने युवा नेत्री अंकप्रीत सिद्धू, और छात्र नेता सोनू मीणा व निखिल जेदिया के नेतृत्व में कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन पर पेयजल, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और विद्यार्थियों तथा कॉलेज प्रबंधन के बीच तीखी बहसबाजी भी हुई।
विद्यार्थियों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद कॉलेज में शुद्ध पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि पानी की टंकियों में गंदगी भरी हुई है, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। कई विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि मजबूरी में उन्हें दूषित पानी पीना पड़ रहा है। इसके अलावा कॉलेज में लगे अधिकांश पंखे खराब पड़े हैं, जिससे कक्षाओं में बैठना मुश्किल हो गया है। विद्यार्थियों ने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद प्रबंधन समस्या समाधान को लेकर गंभीर नहीं है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर अभद्र व्यवहार करने के भी आरोप लगाए। उनका कहना था कि जब उन्होंने समस्याओं को लेकर आवाज उठाई तो प्रबंधन द्वारा उन्हें दबाने और डराने का प्रयास किया गया। इससे विद्यार्थियों में भारी रोष फैल गया और उन्होंने कॉलेज गेट पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।