राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) का जिला अधिवेशन सम्पन्न

22

-दीपक बारोटिया छठी बार जिलाध्यक्ष निर्वाचित, शिक्षकों की समस्याओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना
हनुमानगढ़। 
राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) जिला शाखा हनुमानगढ़ का जिला अधिवेशन एवं चुनाव कार्यक्रम गुरुवार को गुरु श्री रविदास महाराज गुरुघर, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित किया गया। अधिवेशन में जिलेभर से शिक्षक प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संगठन की लंबित मांगों को लेकर सरकार से जल्द समाधान की मांग उठाई गई। अधिवेशन के दूसरे सत्र में चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हुई, जिसमें दीपक बारोटिया को लगातार तीसरी बार जिलाध्यक्ष चुना गया। जिलाध्यक्ष के रूप में यह उनका छठा कार्यकाल होगा।
अधिवेशन के प्रथम सत्र में पूनम चंद साँखला (नोहर), राधेश्याम मेहरा (भादरा), आदेश तालनिया (पल्लू), युधिष्ठिर सिंह (संगरिया), राम सिंह मोलिया (रावतसर), रूपराम लूणा (हनुमानगढ़) एवं राजेंद्र चौहान (टिब्बी) सहित कई वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था एवं शिक्षकों की समस्याओं पर अपने विचार रखे।
जिलाध्यक्ष दीपक बारोटिया ने शिक्षकों पर लगातार बढ़ रहे गैर-शैक्षणिक कार्यों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को बीएलओ, जनगणना और अन्य प्रशासनिक कार्यों में लगाकर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। इससे गरीब एवं मजदूर वर्ग के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और सरकारी विद्यालयों में लर्निंग गैप लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षकों को केवल शिक्षण कार्य तक सीमित रखना चाहिए ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण बारूपाल ने संगठन की विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष रखते हुए कहा कि यदि 10 जून 2026 तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो निदेशालय बीकानेर में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने ग्रीष्मावकाश को 30 जून तक पूर्ववत रखने, संस्था प्रधान के विवेकाधीन अवकाश पुनः दो दिन करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण शीघ्र शुरू करने तथा लंबित डीपीसी और उप-प्राचार्य पदों की बहाली की मांग उठाई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।