– विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, अब प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे हनुमानगढ़ का प्रतिनिधित्व
हनुमानगढ़। जिला बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का रविवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में विभिन्न आयु वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान बैडमिंटन संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र खिलेरी, परमात्मा सिंह खोसा, एक्सपर्ट स्पोर्ट्स के बलजिंदर सिंह तथा एडवोकेट खुशप्रीत संधू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बैडमिंटन संघ के जिलाध्यक्ष सत्यजीत बेनीवाल ने की। मंच संचालन संजय बिश्नोई एवं सुधीर गहलोत ने किया। प्रतियोगिता के मैच कंट्रोलर की जिम्मेदारी धर्मराज शर्मा ने निभाई, जबकि निर्णायक एवं अंपायर की भूमिका विनोद जांदू, विनोद स्वामी, कार्तिक और दीपक ने निभाई।
मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास का सबसे बड़ा माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखते हुए लगातार अभ्यास करने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सत्यजीत बेनीवाल ने कहा कि जिला बैडमिंटन संघ खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































