हनुमानगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के उद्देश्य से रविवार को मानव उत्थान सेवा समिति के सहयोग से डॉक्टर्स फॉर सोसायटी फाउंडेशन व हनुमानगढ़ साइकलिंग क्लब द्वारा भारत माला इंटरचेंज कोहला के निकट व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधे लगाए गए। इस दौरान आयोजकों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख का भी संकल्प लिया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
पौधारोपण कार्यक्रम में फाउंडेशन के संरक्षक डॉ. पारस जैन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अध्यक्ष डॉ. एस.एस. गेट, डॉक्टर्स फॉर सोसायटी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विक्रम जैन, सचिव डॉ. नरेश संकलेचा सहित अनेक चिकित्सकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मानव उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष लादु सिंह भाटी तथा उनकी टीम के साथ मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए लगाए गए सभी पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी भी समिति द्वारा ली गई है।
अतिथियों ने मानव उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष लादु सिंह भाटी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी टीम निस्वार्थ भाव से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग वास्तव में पर्यावरण सैनिक हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। समाज के प्रत्येक नागरिक को ऐसे अभियानों से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































