– शहर आगमन पर नागरिकों ने माला पहनाकर किया भव्य स्वागत, संभाग के पहले चिकित्सक बने
हनुमानगढ़। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हनुमानगढ़ के लिए गौरव का क्षण उस समय बना जब डॉ. प्रथम अरोड़ा को नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड (NABH) द्वारा प्रतिष्ठित मान्यता प्रदान की गई। इस उपलब्धि के साथ डॉ. प्रथम अरोड़ा संभाग के पहले ऐसे चिकित्सक बन गए हैं जिन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है। उनके हनुमानगढ़ आगमन पर शहरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने भव्य स्वागत करते हुए माला पहनाकर अभिनंदन किया।
बुधवार को बड़ी संख्या में शहर के नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर डॉ. अरोड़ा का सम्मान किया तथा मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह उपलब्धि केवल डॉ. प्रथम अरोड़ा की नहीं बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले के लिए गर्व का विषय है।
डॉ. प्रथम अरोड़ा ने कहा कि NABH की मान्यता प्राप्त करना आसान नहीं होता। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, आधुनिक उपचार व्यवस्था एवं निर्धारित मानकों का पालन करना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहा है कि मरीजों को बेहतर एवं विश्वसनीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इसी सोच और मेहनत का परिणाम आज उन्हें इस सम्मान के रूप में मिला है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, सहयोगी स्टाफ एवं मरीजों के विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्ता बनाए रखते हुए लोगों को बेहतर उपचार प्रदान करने के लिए कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ. अरोड़ा ने अपने कार्यों से यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे शहरों में भी उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकती हैं। स्वागत समारोह के दौरान अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह एवं गौरव का माहौल देखने को मिला।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































