– एबी पैक राइडर हटाने व उचित सप्लाई की मांग को लेकर आबकारी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। शराब ठेकेदार यूनियन के बैनर तले प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप तिवाड़ी के नेतृत्व में मंगलवार को जिलेभर के शराब ठेकेदारों ने जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ठेकेदारों ने हनुमानगढ़ गोदाम में गंगानगर शुगर मिल (जीएसएम) की 40 यूपी मदिरा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करवाने तथा एबी पैक में जीएसएम 40 यूपी उपलब्ध करवाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि जीएसएम 40 यूपी की बाजार में अच्छी मांग है, लेकिन पिछले कई दिनों से हनुमानगढ़ गोदाम में इसकी पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से अनुज्ञाधारियों को बिक्री में भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा मदिरा अनुज्ञाधारियों के लिए 25 प्रतिशत जीएसएम उठाव अनिवार्य किया गया है, अन्यथा प्रति पेटी 130 रुपए की पेनल्टी लगाई जाती है। ऐसे में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं होने से ठेकेदार आर्थिक नुकसान झेलने को मजबूर हैं।
ठेकेदारों ने बताया कि 3 प्रतिशत एबी पैक के राइडर में वर्तमान में आरएमएल रॉयल एबी पैक उपलब्ध करवाया जा रहा है, जिसे ग्राहकों द्वारा पसंद नहीं किया जाता। यूनियन ने मांग की कि इसकी जगह जीएसएम 40 यूपी AB पैक उपलब्ध करवाया जाए, जिससे बिक्री में बढ़ोतरी होगी और एबी पैक को भी बढ़ावा मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































