– जिला पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। गोलूवाला थाना क्षेत्र में मारपीट और लूट की घटना के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने से नाराज डीवाईएफआई ने मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। जिला सचिव वेद मक्कासर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पीड़ित को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि अमरसिंह वाला निवासी सुखपाल सिंह पुत्र जयराम के साथ 11 अप्रैल की शाम करीब 8 से 8:30 बजे के बीच गांव की गली में घात लगाकर हमला किया गया। आरोप है कि हनी, जशनप्रीत, विशाल, सोनू सिंह व अन्य ने लाठी, गंडासी और साइकिल चेन जैसे हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा उसकी जेब में रखे 1200 रुपये भी छीन लिए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के आने पर आरोपी भागकर एक घर में छिप गए और वहां से भी हथियार लहराकर दहशत फैलाने का प्रयास किया।
हमले में घायल सुखपाल सिंह को तत्काल सीएचसी गोलूवाला में भर्ती करवाया गया, जहां उसके सिर में तीन टांके लगाए गए। उपचार के बाद 13 अप्रैल को उसे छुट्टी दे दी गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि 12 अप्रैल को ही पुलिस थाना गोलूवाला में शिकायत भिजवाई गई थी, लेकिन अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
डीवाईएफआई जिला सचिव वेद मक्कासर ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि शीघ्र मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन तेज करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष किया जाएगा।
जिला पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाए। इस मौके पर मदनलाल, जयराम, लेखराम, रायसिंह, नेतराम, सुखपाल, पालाराम, कालू, सुखमंदर, रामपाल, वेद मक्कासर, सुरेश जोड़किया व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































