– एसआईटी जांच के बावजूद हत्यारे पुलिस की पकड़ से बाहर, जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। नेठराना गांव में करीब छह माह पूर्व हुई अभिषेक शर्मा की हत्या के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सर्व ब्राह्मण महासभा ने जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव नेठराना, तहसील भादरा निवासी अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा की 10 फरवरी 2026 को नेठराना में हत्या कर दी गई थी। घटना को छह माह का समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक हत्यारों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने में सफल नहीं हो पाई है। मामले की जांच एसआईटी द्वारा भी की जा रही है, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।
जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के पदभार संभालने के बाद परिवार और समाज को उम्मीद जगी थी कि मामले में प्रभावी कार्रवाई होगी तथा हत्यारे जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोगामेड़ी पुलिस थाने के समक्ष लगातार एक माह से अधिक समय तक धरना भी दिया गया था। धरने के बावजूद मामले में अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आने से परिवार को न्याय के लिए लगातार भटकना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि हत्या की घटना की सभी संभावित एंगल से गहनता से जांच कराई जाए तथा तकनीकी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्यारों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह मामला क्षेत्र की ज्वलंत समस्या बन चुका है और जनता में काफी आक्रोश है। ऐसे में पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना आवश्यक है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































