वोटिंग के बाद अब खुलेंगे सियासी राज! एग्जिट पोल बताएंगे किसकी बनेगी 4 राज्यों में सरकार

87

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान बुधवार (29 अप्रैल) को पूरा हो जाएगा। इस चरण के खत्म होते ही न सिर्फ बंगाल, बल्कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनावी प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी और सभी उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। बंगाल का यह अंतिम चरण बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद पूरे चुनाव का रुख साफ होने लगेगा। दूसरे चरण में कुल 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।

राज्यभर में चुनावी माहौल पूरी तरह गरम है और राजनीतिक हलचल चरम पर है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधी और कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों ही दल आखिरी दौर में मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं और अधिक से अधिक मतदान की अपील कर रहे हैं।

अब देशभर की नजरें एग्जिट पोल (Exit Poll Result 2026) पर टिकी हुई हैं। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, एग्जिट पोल के नतीजे 29 अप्रैल की शाम 6:30 बजे के बाद ही जारी किए जा सकते हैं। इससे पहले इन्हें सार्वजनिक करना प्रतिबंधित है।

ये भी पढ़ें: भवानीपुर में हाई-वोल्टेज मुकाबला,ममता ने बंगाल चुनाव में धांधली का लगाया आरोप, सुवेंदु अधिकारी ने किया पलटवार

अगर पहले चरण की बात करें, तो पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड 93.2% मतदान दर्ज किया गया था। वहीं तमिलनाडु में 85.1%, असम में 85.5%, केरल में लगभग 75 से 78% और पुडुचेरी में 89.87% वोटिंग हुई, जो वहां अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत है। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

एग्जिट पोल क्या होता है?
सरल भाषा में समझें तो एग्जिट पोल एक तरह का सर्वे होता है, जो मतदान के बाद किया जाता है। जब मतदाता वोट डालकर पोलिंग बूथ से बाहर निकलते हैं, तब उनसे पूछा जाता है कि उन्होंने किस पार्टी या उम्मीदवार को वोट दिया। इस प्रक्रिया के जरिए यह जानने की कोशिश की जाती है कि जनता का रुझान किस ओर है।

इसके लिए अलग-अलग सर्वे एजेंसियां और मीडिया संस्थान कुछ चुनिंदा मतदान केंद्रों पर अपनी टीम तैनात करते हैं। मतदाताओं से बातचीत के बाद उनके जवाबों को इकट्ठा किया जाता है और आंकड़ों के आधार पर विश्लेषण किया जाता है। इसी के जरिए यह अनुमान लगाया जाता है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं और चुनाव का संभावित नतीजा क्या हो सकता है।

चैनल को सब्सक्राइब करें