– सीटू के नेतृत्व में डबली भंडारण केंद्र पर पुतला दहन, समाधान होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की चेतावनी
हनुमानगढ़। एसकेडी विश्वविद्यालय के निकट स्थित डबली सरकारी गेहूं भंडारण केंद्र पर एफसीआई पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) के बैनर तले चल रही हड़ताल सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के दूसरे दिन सीटू जिला महासचिव कामरेड शेर सिंह शाक्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पल्लेदार मजदूरों ने एफसीआई के जिला प्रबंधक (डीएम) रजनीश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने एफसीआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मजदूरों के हितों की अनदेखी, कार्य में देरी तथा कथित कमीशनखोरी के आरोप लगाए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू नेता शेर सिंह शाक्य ने कहा कि जिस कार्य को डेढ़ माह में पूरा हो जाना चाहिए था, वह तीन माह बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इसके कारण मजदूरों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उन्हें पूरी मजदूरी भी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि एफसीआई की लापरवाही का खामियाजा मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है।
शाक्य ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन और जंक्शन की लगभग 30-30 लाख गट्टों की मंडियां पूरी तरह खाली हो चुकी हैं, जबकि डबली भंडारण केंद्र पर अभी भी लगभग 20,000 हजार गट्टों का उठाव बाकी है। उन्होंने कहा कि दो-दो कांटे उपलब्ध होने के बावजूद उठाव कार्य में तेजी नहीं लाई जा रही, जबकी ट्रैक्टर ट्रॉली, ट्रैकों व मजदूरों की कोई कमी नहीं है जिससे मजदूरों और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले कार्य का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक था, लेकिन अब इसे बदलकर सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक कर दिया गया है। तपती गर्मी में काम करने के लिए मजबूर मजदूरों के स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं की जा रही है। उन्होंने मांग की कि पहले की तरह सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक कार्य समय निर्धारित किया जाए ताकि मजदूरों को राहत मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































