डॉ ब्रजेश गॉड व डॉक्टर्स फॉर सोसायटी ने व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय के बाहर किया पौधारोपण, 15 पौधे लगाए
हनुमानगढ़ । शहर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने के उद्देश्य से डॉ ब्रजेश गॉड व डॉक्टर्स फॉर सोसायटी द्वारा रविवार को व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय के बाहर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के “क्लीन हनुमानगढ़, हरा-भरा हनुमानगढ़” अभियान के तहत 15 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए, जिनका सहयोग डॉ. बृजेश गौड़ द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. नीलम गौड़ ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व भी महाविद्यालय के बाहर डर ब्रजेश गॉड के सहयोग से एक ओर पौधारोपण किया गया था। उस समय लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के कारण वे आज विकसित होकर बड़े वृक्षों का रूप ले चुके हैं। उन्हीं पौधों से प्रेरणा लेते हुए इस बार महाविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने दूसरी ओर पौधारोपण किया गया है, ताकि परिसर का वातावरण और अधिक हराभरा एवं आकर्षक बन सके।
कार्यक्रम में डॉ. पारस जैन, डॉ. पुनीत जैन, डॉ. त्रेहन, डॉ. विक्रम जैन, डॉ. बलबीर सहारण, डॉ. ज्योति धींगड़ा, डॉ. लोकेश राघव, डॉ. जिंदल, व्यापार मंडल शिक्षण समिति के सचिव हरि खदरिया, पुष्पेंद्र सिंह, पवन सरावगी, मोहनलाल तथा व्यापार मंडल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य संजू गाड़ियां सहित संस्था के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
इस मौके पर डॉ. पारस जैन और डॉ. बृजेश गौड़ ने कहा कि डॉक्टर्स फॉर सोसायटी समय-समय पर शहर के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, घटते हरित क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना आवश्यक है। पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। इस दिशा में व्यापार मंडल शिक्षण समिति ने लगाए गए सभी पौधों के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































