दो अखंड पाठों का भोग, तीन नए अखंड पाठ हुए प्रकाश; 10 सितंबर को श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा शहीदी जोड़ मेला
हनुमानगढ़। टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह–बाबा महताब सिंह जी में आगामी 10 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले शहीदी जोड़ मेले की तैयारियां श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी हैं। इसी क्रम में रखे गए (इकोतत्री) लड़ीवार अखंड पाठों की श्रृंखला के तहत रविवार को दो अखंड पाठों का विधिवत भोग डाला गया तथा तीन नए अखंड पाठों का प्रकाश कराया गया। गुरुद्वारा के मुख सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया एक अखंड पाठ का भोग दलजीत सिंह कमरानी परिवार तथा दूसरे अखंड पाठ का भोग परमजीत सिंह, हनुमानगढ़ टाउन परिवार द्वारा श्रद्धापूर्वक डाला गया। वहीं तीन नए अखंड पाठों का प्रकाश हरविंदर सिंह किकरवाली परिवार, बीबी रानीका देवी तथा पुष्प रानी, हनुमानगढ़ टाउन परिवार द्वारा कराया गया। अखंड पाठ के भोग के उपरांत प्रकाश करवाने वाले परिवारों को गुरुघर की बख्शीश स्वरूप सरोपा भेंट कर बाबा जोगा सिंह ने सम्मानित किया।
अखंड पाठ के भोग से पूर्व हजूरी जत्था भाई सोहन सिंह एवं भाई परमजीत सिंह ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को गुरु की वाणी से निहाल किया। इसके पश्चात हैड ग्रंथी दयाल सिंह ने अरदास करते हुए शहर, प्रदेश एवं समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में आयोजित होने वाला शहीदी जोड़ मेला 10 सितंबर 2026 (भादो सुदी 25) को पूरे श्रद्धा, विश्वास और धार्मिक मर्यादा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन सिंह साहिब बाबा बलबीर सिंह जी अकाली 96 करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल, पंजवा तख्त, चलदा वहींर, चक्रवर्ती निहंग सिंह, पंजाब (भारत) के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने क्षेत्र की समस्त संगत से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में जोड़ मेले में पहुंचकर तन, मन और धन से सेवा का लाभ प्राप्त करें तथा गुरु घर की खुशियां हासिल करें। उन्होंने कहा कि संगत के सहयोग से ही यह धार्मिक आयोजन हर वर्ष भव्य रूप से संपन्न होता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।
































