करणीसर-सहजीपुरा में सिंचाई पाइप लाइन बनी विवाद का कारण

44

-प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा में छठी बार डलवाई पाइप लाइन, तोड़फोड़ पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। करणीसर-सहजीपुरा गांव में सिंचाई पाइप लाइन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शनिवार को प्रशासन ने भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में छठी बार पाइप लाइन डलवाने की कार्रवाई की। इससे पहले प्रशासन पांच बार पाइप लाइन डलवा चुका है, लेकिन हर बार कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पाइप लाइन तोड़ दी जाती रही है।
जानकारी के अनुसार यह पाइप लाइन घग्गर नदी से किसानों के खेतों तक सिंचाई पानी पहुंचाने के लिए डाली गई है। पाइप लाइन के माध्यम से आसपास के किसानों को खेती के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन गांव में दो गुट बनने के कारण यह मामला लगातार विवाद का रूप लेता जा रहा है।
शनिवार को प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए पुलिस सुरक्षा के बीच पाइप लाइन डलवाई। मौके पर तहसीलदार हरीश सारण, सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे कार्य की निगरानी की ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
ग्रामीणों ने बताया कि हर बार पाइप लाइन डलने के बाद कुछ लोग रात के समय या मौका मिलते ही उसे क्षतिग्रस्त कर देते हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सिंचाई पानी बाधित होने से फसलों पर भी असर पड़ रहा है और किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इस बार पाइप लाइन की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा पाइप लाइन तोड़ी गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। किसानों का कहना है कि यह पाइप लाइन उनकी खेती और आजीविका से जुड़ा मामला है, इसलिए प्रशासन को स्थायी समाधान निकालना चाहिए। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है तथा प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।