हनुमानगढ़। ग्राम करनीसर सहजीपुरा के सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला कलैक्ट्रेट पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में गैरकानूनी तरीके से पाइपलाइन डालने, सार्वजनिक रास्तों को क्षतिग्रस्त करने, झूठे मुकदमे दर्ज करवाने तथा प्रशासनिक मिलीभगत से दबावपूर्ण कार्रवाई किए जाने के बावजूद अब तक किसी भी स्तर पर निष्पक्ष जांच नहीं की गई। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब कुछ ग्रामीणों की पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से तीखी बहसबाजी हो गई। बाद में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि चक नम्बर 13 एसटीजी करनीसर सहजीपुरा में जबरन पाइपलाइन दबाने के मामले में थाना रावतसर में मुकदमा संख्या 219/2025 दर्ज है, जिसमें मलकीत सिंह, मनप्रीत सिंह, बलजीन्द्र सिंह सहित 100 से अधिक लोगों को नामजद किया गया, लेकिन अब तक किसी आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं बिजलीघर में राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में दर्ज मुकदमा संख्या 223/2025 पर भी कार्रवाई लंबित होने का आरोप लगाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि न्यायालय और एडीएम श्रीगंगानगर के स्थगन आदेश होने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दबावपूर्वक पाइपलाइन डलवाई गई, जो न्यायालय की अवमानना है। इसके साथ ही गांव की गलियों में बिना सहमति कैमरे लगाए जाने को निजता के अधिकार का उल्लंघन बताया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार जेसीबी से सार्वजनिक रास्तों को उखाड़कर पाइपलाइन डालने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और किसी विभाग से अनुमति तक नहीं ली गई।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि एक ही परिवार को निशाना बनाकर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए तथा बिना निष्पक्ष जांच गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए गए। गिरफ्तारी के दौरान महिलाओं के साथ बदसलूकी किए जाने का भी आरोप लगाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































