महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र ने बांटी बेबी किट, मरीजों को वितरित की चाय

96

हनुमानगढ़। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र द्वारा जिला अस्पताल हनुमानगढ़ टाउन में नवजात शिशुओं एवं उनकी माताओं के लिए बेबी किट वितरण तथा मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए चाय वितरण का सराहनीय कार्य किया गया। इस सेवा कार्य से अस्पताल परिसर में मानवता और सहयोग की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।
वीरा केंद्र की अध्यक्षा कंचन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना है और इसी उद्देश्य के तहत समय-समय पर विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि नवजात शिशुओं और उनकी माताओं को प्रारंभिक समय में आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, इसलिए बेबी किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को चाय वितरित की गई, जिससे उन्हें पोषण के साथ-साथ मानसिक संतुष्टि भी प्राप्त हुई। इसमें विशेष बात यह रही की सभी लोगों को मिट्टी से बने कुल्हड़ में चाय का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में संस्था की सक्रिय सदस्य सुचेता जैन, प्रेक्षा बांठिया, पायल छाबड़ा, कविता गोयल, उषा भारती, पूजा जैन, रमन गुप्ता एवं प्रशांत छाबड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने मिलकर सेवा कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया और भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य करते रहने का संकल्प लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।