दूषित पेयजल आपूर्ति से नाराज़ वार्डवासियों का प्रदर्शन

100

-समस्या समाधान के आश्वासन पर एक्सईएन को सौंपा ज्ञापन, जल्द सुधार का भरोसा
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के सेक्टर 12 में दूषित पेयजल आपूर्ति से परेशान वार्डवासियों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। समस्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को पार्षद मदन बाघला के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने साफ पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में पार्षद मदन बाघला एवं नवीन बाकोलिया ने बताया कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में गंदा और दूषित पानी सप्लाई हो रहा था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। दूषित पानी के कारण न केवल दैनिक कार्य प्रभावित हुए, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ गईं। स्थिति को देखते हुए वार्डवासियों ने अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समस्या से अवगत कराया।
मौके पर पहुंचे जलदाय विभाग के एक्सईएन ने स्थिति का जायजा लिया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन की सफाई (लाइन वॉश) के कारण पानी में गंदगी आ रही थी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा आज शाम तक लाइन वॉश की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी, जिसके बाद स्वच्छ जल आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
इसके अलावा वार्डवासियों ने राजकीय स्कूल में लगे समरसिबल पंप के खराब होने की समस्या भी उठाई। बताया गया कि यह समरसिबल विधायक कोटे से लगाया गया था, लेकिन वर्तमान में फेल हो चुका है, जिससे स्कूल एवं आसपास के क्षेत्र में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस पर एक्सईएन ने आश्वस्त किया कि आगामी दो दिनों में नया बोर करवाकर समरसिबल की व्यवस्था पुनः सुचारू कर दी जाएगी, जिससे वार्डवासियों को राहत मिलेगी।
वहीं, वार्ड में अमृत योजना के तहत प्रस्तावित पानी की टंकी के निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। एक्सईएन ने जानकारी दी कि टंकी निर्माण के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद पूरे मोहल्ले को नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में शीघ्र समाधान की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।