महिला कांग्रेस ने “दिल्ली चलो, संसद चलो” अभियान को लेकर बनाई रणनीति

33

-21 जुलाई को अधिकाधिक महिलाओं की भागीदारी का आह्वान, महिला आरक्षण के समर्थन में चलाया हस्ताक्षर अभियान
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा तथा राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देशानुसार 21 जुलाई को प्रस्तावित “दिल्ली चलो, संसद चलो” अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला महिला कांग्रेस हनुमानगढ़ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक रणनीति तैयार की गई तथा अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महिला कांग्रेस की हनुमानगढ़ प्रभारी तारा देवी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुलोचना बावरी के नेतृत्व में प्रभारी के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद अभियान की रूपरेखा, संगठन की जिम्मेदारियों और दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
तारा देवी ने कहा कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाने के लिए सभी महिला कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर अभियान में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई को बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर महिला आरक्षण सहित विभिन्न मांगों को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने सभी ब्लॉक और शहर इकाइयों से अधिकाधिक महिलाओं को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष सुलोचना बावरी ने कहा कि महिलाओं को समान राजनीतिक अवसर दिलाने के लिए महिला आरक्षण को शीघ्र लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस लगातार महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड स्तर तक जनसंपर्क कर अभियान की जानकारी पहुंचाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को दिल्ली कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान “महिला आरक्षण लागू करो, आज करो, अभी करो” तथा “ओबीसी महिलाओं को आरक्षण में शामिल करो” के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर महिला आरक्षण को जल्द लागू करने और ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण के दायरे में शामिल करने की मांग का समर्थन किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।