– हनुमानगढ़ जंक्शन सिविल लाइन क्षेत्र में 30 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हनुमानगढ़। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा शुक्रवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सिविल लाइन क्षेत्र में राजकीय नगर परिषद क्वार्टर की भूमि पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने अमलतास, अर्जुन, शीशम सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 30 पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
समिति के अध्यक्ष लाधु सिंह भाटी ने बताया कि मानव उत्थान सेवा समिति पिछले लंबे समय से निस्वार्थ भाव से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। समिति का प्रत्येक सदस्य अपने दैनिक कार्यों और रोजगार के साथ-साथ समाज सेवा के लिए भी समय निकालता है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से समिति के सदस्य समय-समय पर पौधों की देखरेख करते हैं ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण को स्वच्छ और हराभरा बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा। यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य मिल सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































