सावन शिवरात्रि एवं रामचरितमानस पाठ आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

24

– कल्याण भूमि मंदिर के निर्माण कार्य की समीक्षा, 15-16 अगस्त के धार्मिक कार्यक्रमों पर बनी रूपरेखा
हनुमानगढ़। 
श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में आगामी सावन शिवरात्रि, कल्याण भूमि मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य तथा 15 एवं 16 अगस्त को आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां तय कीं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 11 अगस्त, मंगलवार को पड़ने वाली सावन शिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, भजन-कीर्तन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जाएंगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूजा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रसाद वितरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर कल्याण भूमि मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित सदस्यों से निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर को धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 15 एवं 16 अगस्त को कल्याण भूमि मंदिर में जिले की विभिन्न रामायण मंडलियों के सहयोग से रामचरितमानस पाठ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में अनेक मंडलियां भाग लेकर अखंड रामायण पाठ एवं भक्ति संगीतमय प्रस्तुतियां देंगी। आयोजन को लेकर मंडलियों से समन्वय, मंच व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।