मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार BMW बेकाबू होकर फ्लाईओवर (Mumbai BMW Accident ) से नीचे जा गिरी। करीब 75 फीट नीचे गिरने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों और घायल की उम्र 17 से 23 साल के बीच बताई जा रही है।
हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में कार चला रहे युवक का नियंत्रण बिगड़ गया। कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की तस्वीरें कैद हुई हैं।
तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
हादसे के बाद चारों युवकों को इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) को मृत घोषित कर दिया। वहीं 23 वर्षीय आदित्य ओसवाल गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, चारों छात्र थे। शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। शनाय मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में PG में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त BMW उसके परिवार की बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने क्षतिग्रस्त BMW की जांच की और जरूरी सैंपल जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और कार की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार के चलते वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































