दूसरे दिन रामलीला में श्रवण नाटक, रावण-नंदी संवाद और रावण-वेदवती प्रसंग का हुआ मंचन

40

– स्वामी विवेकानंद पार्क में कलाकारों ने सजीव अभिनय से दर्शकों को किया भावविभोर, 20 अक्टूबर को होगा भव्य दशहरा महोत्सव
हनुमानगढ़। स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से भट्टा कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में आयोजित 41वीं रामलीला के दूसरे दिन विभिन्न धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों का आकर्षक मंचन किया गया। दूसरे दिन श्रवण नाटक, रावण-नंदी संवाद और रावण-वेदवती प्रसंग मुख्य आकर्षण रहे। कलाकारों ने अपने सधे हुए अभिनय, प्रभावशाली संवाद और भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे और मंचन का आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीलकंठ महादेव सेवा समिति के संस्थापक अश्वनी नारंग शामिल हुए। उनके साथ महावीर शर्मा, रतिराम शाक्य, चिमन मित्तल, अनिल शर्मा, भजन गायक जिम्मी नारंग, सोनू मीणा और गोपाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने रामलीला के आयोजन की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
रामलीला के दूसरे दिन श्रवण नाटक के मंचन ने दर्शकों को भावुक किया। श्रवण के किरदार में विशाल सिंघल ने अपने अभिनय से पात्र की संवेदनशीलता को जीवंत रूप दिया। वहीं दशरथ की भूमिका पवन बल्ली ने निभाई। श्रवण प्रसंग के माध्यम से माता-पिता के प्रति सेवा, समर्पण और कर्तव्य की भावना का संदेश प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की संवाद अदायगी और भावाभिव्यक्ति ने प्रसंग को प्रभावशाली बनाया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।