-बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज व कैरम में विजेताओं को किया सम्मानित
हनुमानगढ़। सीए एसोसिएशन आईसीएआई, हनुमानगढ़ शाखा की ओर से चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) के विद्यार्थियों को पढ़ाई के तनाव से राहत दिलाने तथा उनमें खेल भावना, आत्मविश्वास और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ मानसिक और शारीरिक रूप से भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रतियोगिता के तहत बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज और कैरम की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। सभी मुकाबले रोमांचक रहे और प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में पार्थ सारस्वत एवं अक्षय विजेता रहे। टेबल टेनिस प्रतियोगिता का खिताब आशु छाबड़ा ने अपने नाम किया। शतरंज प्रतियोगिता में ऋषिका ने उत्कृष्ट रणनीति का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कैरम प्रतियोगिता में वंश मक्कड़ विजेता बने।
प्रतियोगिताओं के समापन पर आयोजित सम्मान समारोह में सभी विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शाखा पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तनाव प्रबंधन का भी महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी नियमित रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह में आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा के अध्यक्ष सीए हर्ष जिंदल, उपाध्यक्ष सीए रमेश कुमार, कोषाध्यक्ष सीए रमन गर्ग, सचिव सीए कमल, सीकासा अध्यक्ष सीए यश संदीप मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीए ललित गर्ग तथा ब्रांच इंचार्ज रूपल मित्तल ने विजेताओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































