– विधायक गणेशराज बंसल सहित सहयोगियों ने करीब 10 लाख रुपये की लागत से किया भेंट, 24 घंटे मिलेगी बीमार व बेसहारा गौवंश को सहायता
हनुमानगढ़। गौसेवा को समाज की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने गौरक्षा दल गौ चिकित्सालय गौधाम धौलीपाल को करीब 10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक गौसेवा रथ भेंट किया। इस सेवा रथ के माध्यम से बीमार, घायल एवं बेसहारा गौवंश के साथ-साथ अन्य जरूरतमंद पशुओं को समय पर चिकित्सकीय सहायता और सुरक्षित परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल से क्षेत्र में गौसेवा के कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौधाम धौलीपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक गणेशराज बंसल ने अपने सहयोगी डॉ. पारस जैन, प्रमोद कुमार एवं मुकेश भार्गव के साथ संयुक्त रूप से अत्याधुनिक गौसेवा रथ गौधाम को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक दायित्व का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गौवंश की रक्षा और सेवा में जुटे गौसेवक समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं और ऐसे सेवाभावी लोगों का हरसंभव सहयोग किया जाना चाहिए।
गौरक्षा दल के गौसेवक बिंदू पूनिया एवं कुलदीप गर्ग ने बताया कि गौधाम में लंबे समय से ऐसे अत्याधुनिक वाहन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस संबंध में विधायक गणेशराज बंसल के समक्ष मांग रखी गई, जिस पर उन्होंने तत्काल सहमति जताते हुए सेवा रथ उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि विधायक ने केवल एक सप्ताह के भीतर अपना वादा पूरा करते हुए यह अत्याधुनिक गौसेवा रथ उपलब्ध करवा दिया, जिससे गौसेवकों में खुशी का माहौल है।
उन्होंने बताया कि यह सेवा रथ आसपास के लगभग 200 किलोमीटर के क्षेत्र में बीमार, घायल और बेसहारा गौवंश सहित अन्य जरूरतमंद पशुओं को सहायता उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित होगा। दुर्घटनाओं में घायल पशुओं को उपचार के लिए सुरक्षित तरीके से गौ चिकित्सालय तक पहुंचाने तथा आपात स्थिति में तुरंत राहत उपलब्ध कराने में यह वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































