अप्रैल-मई में सरकारी खरीद के बाद भी नहीं मिला गेहूं का भुगतान

14
हनुमानगढ़। अप्रैल-मई माह में सरकार द्वारा की गई गेहूं की सरकारी खरीद का भुगतान अब तक नहीं मिलने से किसानों में रोष है। भुगतान की स्थिति स्पष्ट नहीं होने और बार-बार संपर्क के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों के खातों की व्यक्तिगत जांच करवाकर लंबित भुगतान शीघ्र जारी करवाने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशम सिंह मानुका के नेतृत्व में किसानों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इसमें बताया कि प्रार्थीगण भारतीय किसान यूनियन के सदस्य हैं तथा सरकार द्वारा अप्रैल-मई माह में उनसे गेहूं की सरकारी खरीद की गई थी। किसानों ने सरकारी खरीद प्रक्रिया के तहत अपनी उपज उपलब्ध करवाई, लेकिन खरीद के कई माह बीत जाने के बाद भी उन्हें गेहूं की उपज का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि गेहूं की बिक्री से मिलने वाली राशि खेती-किसानी से जुड़े आगामी खर्चों तथा परिवार की आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में भुगतान में देरी होने से किसानों की आर्थिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।